भीषण सड़क हादसाः पिकअप ने ऑटो को मारी टक्कर, दशगात्र से लौट रही 3 महिलाओं की मौत; हादसे के बाद चालक फरार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार पिकअप ने महिलाओं से भरे ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य महिलाएं घायल हुई हैं। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र का है।

दशगात्र कार्यक्रम से लौट रही थीं महिलाएं

जानकारी के मुताबिक, करहीपारा छिंदिया गांव की महिलाएं बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। कार्यक्रम के बाद करीब 15 महिलाएं ऑटो में सवार होकर अपने गांव लौट रही थीं। शुक्रवार रात करीब 8 बजे उनका ऑटो सांवारावा के पास पहुंचा। इसी दौरान बैकुंठपुर की ओर से आ रही पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार कुछ महिलाएं उछलकर सड़क पर जा गिरीं।

तीन महिलाओं की मौके पर मौत

हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50 वर्ष), रामबाई पति रामकुमार (60 वर्ष) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों करहीपारा छिंदिया की रहने वाली बताई गई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद बैकुंठपुर रेफर किया गया है।

पिकअप चालक हादसे के बाद फरार

पटना पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार पिकअप और चालक की तलाश कर रही है। मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की पूरी परिस्थितियों और पिकअप चालक की पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

भीषण सड़क हादसा: गणेश विसर्जन से लौट रहे 6 युवकों की मौत, 7 गंभीर घायल; धान से भरे ट्रक ने पिकअप को मारी टक्कर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button