पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक, चेहरा और आंख बुरी तरह झुलसी; रायपुर रेफर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक युवती पर अज्ञात युवक ने एसिड से हमला कर दिया। अटैक में युवती के शरीर का दाहिना हिस्सा, चेहरा और आंख के आसपास का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया है। घटना बालोद थाना क्षेत्र के आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय युवती एमए की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। सोमवार दोपहर वह आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने अचानक उस पर एसिड फेंक दिया। हमला होते ही युवती तेज जलन से चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसकी मदद की और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, एसिड के हमले से युवती के शरीर का दाहिना हिस्सा गंभीर रूप से झुलसा है। चेहरे और आंख के आसपास भी चोट आई है। पीड़िता बालोद शहर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है।
वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी
हमले के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी सफेद रंग की शर्ट पहने हुए था और वारदात के बाद तांदुला बांध/कैनाल की ओर भागने की बात सामने आई है। पुलिस संभावित रास्तों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, एसपी और एएसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से भी जानकारी जुटा रही है।
हमले की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
फिलहाल एसिड अटैक के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी और पीड़िता के बीच पहले से कोई पहचान थी या नहीं और हमला किस कारण से किया गया। साथ ही पुलिस इस्तेमाल किए गए पदार्थ की भी जांच कर रही है। दिनदहाड़े युवती पर हुए इस हमले से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस की जांच के बाद ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
शादी के लिए मना करने पर लोक कलाकार पर फेंका खौलता तेल, एसिड से हमला करने की दी धमकी











