शराब में सुहागा मिलाकर दो लोगों की हत्या, 10 लाख के कर्ज से बचने के लिए रची खूनी साजिश, आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शराब में सुहागा (रासायनिक पदार्थ) मिलाकर दो लोगों की हत्या का मामला समाने आया है। प्रारंभिक जांच में 10 लाख रुपये के कर्ज को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या की आशंका है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, एक आरोपी की तलाश की जा रही है। मामला जांजगीर चांपा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
10 लाख रुपये के कर्ज को लेकर था विवाद
जानकारी के अनुसार, पनगांव निवासी राजा खरे उर्फ कमलनाथ खरे ने करीब चार महीने पहले निजी क्लिनिक संचालक जोहितराम खरे (52) से घरेलू काम के लिए 10 लाख रुपये उधार लिए थे। रकम वापस करने के लिए उसने दो चेक दिए थे, लेकिन दोनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद जोहितराम लगातार रकम वापस मांग रहे थे। 23 अक्टूबर को भी उन्होंने फोन कर राजा से पैसे मांगे। इस पर राजा ने शाम को मिलने और रकम लौटाने की बात कही।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी राजा खरे ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि 10 लाख रुपये लौटाने के दबाव के चलते उसने जोहितराम की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को राजा ने मुकेश कश्यप से इम्पीरियल ब्लू शराब के तीन क्वार्टर मंगवाए थे। दोनों ने पहले एक क्वार्टर शराब पी। इसके बाद राजा हेलीपैड के पास पहुंचा, जहां उसने जोहितराम खरे और उनके परिचित रामखिलावन जांगड़े को बुलाया।
आरोप है कि राजा ने अपनी जेब में रखी पुड़िया से सुहागा निकालकर शराब में मिला दिया और दोनों को पीने के लिए दे दिया। शराब पीने के कुछ समय बाद ही दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टियां होने लगीं और सांस लेने में परेशानी होने लगी। हालत गंभीर होने पर दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां से उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
जिंदा रहते जोहित ने बेटी को बताई थी पूरी बात
तबीयत बिगड़ने के बाद जोहितराम खरे ने अस्पताल में अपनी बेटी मनीषा खरे को बताया था कि राजा ने उन्हें जबरदस्ती शराब पिलाई थी और उसमें कुछ मिलाया गया था। इसके बाद जोहितराम की मौत हो गई। वहीं, बसपा पार्षद रामखिलावन जांगड़े (55) को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त
मृतक जोहितराम खरे की बेटी मनीषा खरे की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की है। शराब की बोतलों, डिस्पोजेबल गिलास, कपड़ों और अन्य संबंधित सामग्रियों को भी साक्ष्य के रूप में जुटाकर फॉरेंसिक जांच की गई। पुलिस के अनुसार, जांच में शराब में सुहागा मिलाए जाने की बात सामने आई है।
मुकेश कश्यप की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान पुलिस की गाड़ी आते देखकर मुकेश कश्यप मौके से भाग गया था। उसकी भूमिका की जांच की जा रही है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मुख्य आरोपी राजा खरे को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











