नवजात को बेचने की साजिश! प्रसव का खर्च बच्चे को बेचकर वसूलने की धमकी, 3 महिलाएं गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– मुफ्त प्रसव और इलाज का भरोसा देकर एक गर्भवती महिला को रायपुर बुलाया गया, लेकिन यहां जो हुआ उसने मानवता को झकझोर दिया। आरोप है कि प्रसव के बाद महिला के नवजात शिशु को बेचने की कोशिश की गई। महिला के विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया और बच्चे समेत बंधक बनाकर रखा गया। यहां तक कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई नवजात को बेचकर करने की धमकी दी गई। मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है।
मुफ्त प्रसव का झांसा देकर रायपुर बुलाया
पुलिस के मुताबिक, सुंदरगढ़ (ओडिशा) निवासी पीड़िता का गर्भावस्था के दौरान रायपुर की कृतिका साहू से संपर्क हुआ था। कृतिका ने उसे मुफ्त प्रसव और उपचार कराने का भरोसा दिलाया। इसी झांसे में महिला रायपुर पहुंची, जहां उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या से कराई गई। इसके बाद उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।
आरोप है कि तीनों महिलाओं ने पीड़िता की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया।
प्रसव के बाद बच्चे समेत बनाया बंधक
पीड़िता ने जब बच्चे को बेचने से इनकार कर दिया, तो उसे डराया-धमकाया गया। 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद महिला को उसके नवजात शिशु के साथ फिर अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां उसे बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने महिला को धमकी दी कि प्रसव और उपचार में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। महिला की इच्छा के विरुद्ध नवजात को बेचने की कोशिश किए जाने का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई में तीन महिलाएं गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आजाद चौक थाना पुलिस को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान कृतिका साहू (34), निवासी आमापारा रामकुंड थाना आजाद चौक रायपुर, अहिल्या नामदेव (40) निवासी सीतानगर गोगांव थाना गुढ़ियारी और गीतिका नाग (36) निवासी पुरैना, भिलाई-3, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में संलिप्तता को लेकर भी जानकारी मिली है। इस खुलासे के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच में अन्य लोगों की भूमिका, पूर्व में हुई घटनाओं और इस अवैध गतिविधि से जुड़े संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिस किसी की संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
हैवान पिता की करतूत: नाबालिग बेटी से दुष्कर्म, फर्जी पहचान पर कराया प्रसव; नवजात भी दूसरे को सौंपा











