बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद, सुरेन्द्र साहू ने की किसानों की कर्ज माफी और मुआवजे की मांग

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :–छत्तीसगढ़ में लगातार चक्रवाती तूफानों और बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कहीं खेतों में खड़ी फसल प्रभावित हुई है तो कहीं काटकर रखी धान की फसल बारिश की भेंट चढ़ गई है। खलिहानों में रखी उपज से लेकर धान खरीदी केंद्रों तक बारिश का असर देखने को मिल रहा है। ऐसे में किसानों की आर्थिक परेशानियों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा नगर के महामंत्री सुरेन्द्र साहू ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए प्रभावित किसानों का कृषि ऋण तत्काल माफ करने और पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है।
तीन चक्रवाती तूफानों ने बढ़ाई किसानों की परेशानी
सुरेन्द्र साहू ने कहा कि पिछले 24 दिनों में तीन चक्रवाती तूफानों के प्रभाव से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में किसानों की खड़ी फसल, खेतों में काटकर रखी धान और खलिहानों में रखी उपज प्रभावित हुई है। लगातार बारिश के कारण धान खरीदी केंद्रों में भी धान भीगने और खरीदी व्यवस्था प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि किसान पहले ही खाद, बीज, डीजल, मजदूरी और खेती की बढ़ती लागत से परेशान हैं। किसानों ने बैंक और अन्य स्रोतों से कर्ज लेकर फसल तैयार की थी, लेकिन प्राकृतिक आपदाओं ने उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।
फसल बर्बाद तो किसान कर्ज कैसे चुकाएगा?
सुरेन्द्र साहू ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब किसान की फसल ही नहीं बची तो वह कर्ज कैसे चुकाएगा? प्रभावित किसानों के सामने अब पुराने कर्ज की अदायगी के साथ अगली फसल की तैयारी का भी संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि केवल मुआवजे का आश्वासन देने से किसानों की आर्थिक स्थिति नहीं सुधरेगी। सरकार को सबसे पहले किसानों के सिर से कर्ज का बोझ हटाने के लिए ठोस निर्णय लेना चाहिए। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों का कृषि ऋण माफ करना इस समय सबसे जरूरी राहत है।
सर्वे कब पूरा होगा और किसानों के खातों में मुआवजा कब आएगा?
कांग्रेस नेता ने नुकसान के सर्वे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कलेक्टरों को फसल नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है, लेकिन किसानों को यह जानने का अधिकार है कि जमीनी स्तर पर सर्वे कब पूरा होगा और मुआवजे की राशि उनके खातों तक कब पहुंचेगी? उन्होंने मैदानी अमले की कमी जैसी परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करे, ताकि कोई भी प्रभावित किसान सर्वे से वंचित न रह जाए।
खेतों और खलिहानों में जाकर हो वास्तविक आकलन
सुरेन्द्र साहू ने कहा कि सरकार को कागजों में नहीं, बल्कि खेतों और खलिहानों में पहुंचकर वास्तविक नुकसान का आकलन करना चाहिए। राहत देने में देरी किसानों के आर्थिक संकट को और गहरा रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय सरकार की संवेदनशीलता और जवाबदेही की असली परीक्षा होती है। फसल बर्बाद होने से किसान के सामने केवल एक सीजन का नुकसान नहीं, बल्कि पूरे परिवार के भविष्य का संकट खड़ा हो जाता है।
किसानों के साथ खड़ी है कांग्रेस – सुरेन्द्र साहू
सुरेन्द्र साहू ने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। हमारी स्पष्ट मांग है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों का कृषि ऋण माफ किया जाए, नुकसान के अनुरूप पर्याप्त मुआवजा दिया जाए और अगली फसल की तैयारी के लिए आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि किसानों को संकट में अकेला छोड़ने के बजाय तत्काल निर्णय लेकर उन्हें राहत प्रदान की जाए।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











