किसान दंपती की निर्मम हत्या, घर में अलग-अलग कमरों में पड़ोसी ने देखा शव, इस बात की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– किसान दंपती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों के शव घर के अलग-अलग कमरों में खून से लथपथ मिले है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस को मृतकों के शरीर पर धारदार हमला किए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) और 331(7) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच कर रही है। मामला रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र का है।
मजदूरी देने गए पड़ोसी ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1.30 बजे पड़ोसी आसबती साहू को मजदूरी की रकम देने उनके घर पहुंचे थे। उन्होंने दरवाजा खटखटाकर आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजे को हल्का धक्का देने पर वह खुल गया। घर के अंदर जाने पर कमरे के बाहर खून के धब्बे दिखाई दिए। कमरे में पहुंचने पर सदाशी राम साहू पलंग पर खून से लथपथ मृत अवस्था में मिले।
इसके बाद सालिकराम साहू ने तत्काल गांव के सरपंच को घटना की जानकारी दी। सरपंच और पंचायत सचिव सोहन तारक के साथ घर पहुंचने पर दूसरे कमरे में आसबती साहू का शव मिला। दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दो दिन से बंद था घर का दरवाजा
बताया जा रहा है कि सदाशी राम साहू को गांव के लोगों ने आखिरी बार 6 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे देखा था। इसके अगले दिन 7 अक्टूबर को दंपती के घर का दरवाजा बंद रहा और वे बाहर दिखाई नहीं दिए। 8 अक्टूबर को पड़ोसी के घर पहुंचने पर इस घटना का खुलासा हुआ।
खेती-किसानी करते थे दंपती
सदाशी राम साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू गांव में रहकर खेती-किसानी करते थे। दंपती के दो बेटे रायपुर में रहते हैं, जबकि उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। गांव में दंपती की हत्या की खबर फैलते ही लोगों में दहशत का माहौल है।
डॉग स्क्वाड और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरंग पुलिस ने डॉग स्क्वाड और FSL टीम को मौके पर बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
आरंग पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 331(7) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और आरोपी की पहचान भी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच में मिले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl








