अस्पताल में नवजात शिशु की मौत के बाद बवालः मेडिकल स्टोर पर परिजनों का हंगामा, एक्सपायरी मिल्क पाउडर पिलाने आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में एक नवजात बच्ची की मौत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि निजी मेडिकल स्टोर से खरीदे गए एक्सपायरी मिल्क पाउडर का सेवन कराने से बच्ची की तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी जांच के लिए पत्र भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर कन्नोजे की पत्नी डागेश्वरी कन्नोजे ने 29 जून को जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। मां का दूध पर्याप्त नहीं होने पर डॉक्टर ने मिल्क पाउडर देने की सलाह दी। इसके बाद 30 जून को चंद्रशेखर ने मेकाहारा गेट के पास स्थित एक निजी मेडिकल स्टोर से मिल्क पाउडर का डिब्बा खरीदा।

परिजनों का आरोप है कि उसी मिल्क पाउडर से तैयार दूध दोनों में से एक नवजात को पिलाया गया। 4 जुलाई को बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो दिन तक ICU में इलाज चलने के बाद नवजात की मौत हो गई।

सेवन से बिगड़ी हालत 

परिजनों का दावा है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर के डिब्बे पर एक्सपायरी डेट देखकर बताया कि बच्ची की हालत एक्सपायरी मिल्क पाउडर के सेवन से बिगड़ी है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

घटना के बाद परिजन संबंधित मेडिकल स्टोर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। उनका आरोप है कि स्टोर संचालक और कर्मचारियों ने उनके हाथ से एक्सपायरी मिल्क पाउडर का डिब्बा छीन लिया और उसकी जगह दूसरा डिब्बा दे दिया। इसके बाद परिजनों ने मौदहापारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मेडिकल स्टोर संचालक को CCTV फुटेज सुरक्षित रखने का नोटिस जारी किया गया है। स्टोर का DVR जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच के लिए CMHO, ड्रग इंस्पेक्टर और फूड सेफ्टी ऑफिसर को सूचना दी गई है। डॉक्टरी मेमो भी प्राप्त कर लिया गया है तथा सभी संबंधित पक्षों को बयान दर्ज कराने कहा गया है।

विभाग मामले की जांच में जुटी

फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात की मौत का वास्तविक कारण क्या था और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

रोते बच्चे को चुप नहीं करा सकी मां, 4 माह के मासूम को पटककर मार डाला, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button