गरियाबंद में अंधविश्वास का डर दिखाकर सास-बहू से ठगी, घर में नींबू गाड़ने का डर बताकर ऐंठे रुपए

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में अंधविश्वास का डर दिखाकर एक महिला से 18,500 रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पुरुष और महिला पति-पत्नी बनकर घर पहुंचे और पहले चावल मांगा। इसके बाद घर में घुसकर महिला और उसकी बहू पर चावल छिड़का तथा घर के आसपास नींबू गड़े होने की बात कहकर उन्हें भ्रमित किया। आरोपियों ने परिवार के बच्चों की तबीयत खराब होने का डर दिखाते हुए दवाई और ताबीज देने की बात कही और इसके एवज में पैसे मांगे। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

चावल मांगकर घर में घुसे

ग्राम जड़जड़ा निवासी पीड़िता ने अपनी शिकायत बताया कि 19 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9 बजे वह अपनी बहू के साथ घर में घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान एक महिला और पुरुष पैदल उसके घर पहुंचे। दोनों ने गेट के पास आकर चावल मांगा। महिला ने उन्हें अपने हाथ से मुट्ठी भर चावल दे दिया। इसके बाद दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया और चाय बनाने के लिए कहा। मना करने के बावजूद दोनों घर के अंदर प्रवेश कर गए।
आरोप है कि उन्होंने महिला और उसकी बहू के ऊपर चावल छिड़कते हुए कहा कि घर के आसपास नींबू गाड़कर रखे गए हैं, जिससे घर के बच्चों की तबीयत खराब हो सकती है।

ताबीज देने का झांसा

पीड़िता के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने उन्हें भ्रमित करते हुए कहा कि दवाई और ताबीज देने से घर का पूरा क्लेश खत्म हो जाएगा। उनकी बातों में आकर महिला और उसकी बहू ने घर में रखे 18,500 रुपए नकद आरोपियों को दे दिए। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने से भी मना किया था।

बेटे के घर पहुंचने पर बताई पूरी घटना

करीब एक घंटे बाद जब महिला का बेटा घर पहुंचा तो उसने अपनी मां से घटना के बारे में पूछा। इसके बाद पीड़िता ने उसे पूरी जानकारी दी। महिला का आरोप है कि दोनों ने पति-पत्नी के रूप में मिलकर नींबू गड़े होने और उसका असर खत्म करने का झांसा देकर उससे कुल 18,500 रुपए की ठगी की। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया धारा 318(4), 331(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

अंधविश्वास की बलि चढ़ी युवती: ‘चमत्कारी इलाज’ के नाम पर अत्याचार, आरोपी महिला को उम्रकैद, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button