छुरा ब्रेकिंग : वनरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शासकीय आवास में मिला बेसुध

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:– वन परिक्षेत्र पाण्डुका में वनरक्षक के पद पर पदस्थ कर्मचारी की 20 अगस्त को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वनरक्षक गायडबरी स्थित शासकीय आवास में अकेला रहता था। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर इसकी सूचना परिजनों को दी गई। दरवाजा खोलकर देखा तो वह बिस्तर पर बेसुध पड़ा था। तत्काल उसे शासकीय अस्पताल छुरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, डिगेश्वर सिंह ठाकुर वन परिक्षेत्र पाण्डुका के तालेसर में वनरक्षक के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है, 19 अगस्त की रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद अपने शासकीय आवास में सोने चले गए थे। 20 अगस्त की सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर वनरक्षक राहुल श्रीवास ने उनके बड़े भाई गीतमचंद ठाकुर को फोन कर इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर गीतमचंद ठाकुर अपने साथ लक्ष्मीकांत ठाकुर और कीर्तन ठाकुर को लेकर गायडवरी स्थित शासकीय आवास पहुंचे। उन्होंने काफी आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा खोलकर देखा गया तो डिगेश्वर सिंह ठाकुर बिस्तर पर बेसुध पड़े थे और उनके शरीर में कोई हलचल नहीं थी।
कई दिनों से खराब थी तबीयत
बताया जा रहा है कि डिगेश्वर सिंह ठाकुर की तबीयत पिछले कई दिनों से खराब चल रही थी। इसके बावजूद वे वन विभाग में अपनी ड्यूटी कर रहे थे। अचानक शासकीय आवास में उनकी मौत होने से परिजन और विभाग के लोग स्तब्ध हैं।
उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। बीमारी के बावजूद ड्यूटी करने और इसके बाद अचानक तबीयत बिगड़ने की परिस्थितियों की भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही वनरक्षक डिगेश्वर सिंह ठाकुर की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल उनकी असमय मौत से परिजनों और वन विभाग में शोक का माहौल है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
छुरा ब्रेकिंग: ईंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई मोपेड, ग्रामीण की दर्दनाक मौत











