नाले में बहा 7 साल का मासूम, 24 घंटे बाद मिला, पुल तोड़कर निकाला गया शव
पुल के नीचे फंसे होने की आशंका में रातभर चला रेस्क्यू

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रविवार शाम खेलते समय बहा 7 वर्षीय छात्र का शव करीब 24 घंटे बाद सोमवार शाम उसी पुल के नीचे से बरामद किया गया। बच्चे की तलाश में वार्डवासी, गोताखोर, एसडीआरएफ, नगर सैनिक, दमकल और नगर निगम की टीमें लगातार जुटी रहीं। पुल के नीचे बच्चे के फंसे होने की आशंका के चलते वार्डवासियों ने पुल तोड़कर तलाशी लेने की मांग की थी। घटना धमतरी जिले का है।
जानकारी के अनुसार, सोरीद बागतराई नाले के पास रविवार शाम कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान भर्रीपारा सोरिद निवासी 7 वर्षीय छात्र लक्ष्य साहू अचानक नाले में गिर गया और तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। साथ खेल रहे बच्चों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। इसके बाद वार्डवासी मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की।
सूचना मिलने पर गोताखोर और दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण रात में तलाशी अभियान रोकना पड़ा। इसके बाद सोमवार को एसडीआरएफ, नगर सैनिक और नगर निगम की टीमों के साथ फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
पुल तोड़ने की मांग को लेकर NH पर चक्काजाम
लगातार तलाश के बावजूद बच्चे का पता नहीं चलने पर वार्डवासियों ने पुल के नीचे उसके फंसे होने की आशंका जताई। उन्होंने पुल तोड़कर तलाशी लेने की मांग की। कार्रवाई में देरी होने पर देर रात वार्डवासियों ने सोरीद पुल के पास NH पर चक्काजाम कर दिया।
इसके बाद देर रात हैमर मशीन मंगाई गई और पुल तोड़ने का काम शुरू किया गया। सोमवार को पुल के नीचे जमा मलबे को हटाकर लगातार बच्चे की तलाश की जाती रही।
चौथे पाइप के पास मलबे में मिला शव
करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद सोमवार शाम पुल के चौथे पाइप के पास मलबा हटाने के दौरान बच्चे का शव दिखाई दिया। बताया गया कि पाइप का हिस्सा तोड़ने के बाद जेसीबी से मलबा हटाया जा रहा था, तभी बच्चे का शव बरामद हुआ।
शव मिलने की खबर के बाद मौके पर मौजूद लोगों में मातम पसर गया। बड़ी संख्या में वार्डवासी पुल के पास जमा रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्च्यूरी भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











