धक्का-मुक्की के बाद हुई मारपीट में युवक की मौत, मड़ई मेले में मामूली विवाद बना हत्या की वजह, 7 आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में मामूली धक्का-मुक्की से शुरू हुआ विवाद एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। मेले में हुई मारपीट के बाद घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। गरियाबंद पुलिस ने हत्या के आरोप में छह आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामला मैनपुर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को जिला अस्पताल गरियाबंद से सूचना मिली कि मैनपुर निवासी 28 वर्षीय आकाश कश्यप की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामले की जांच थाना मैनपुर को सौंपी गई। उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम गठित कर मामले की गहन जांच शुरू की।
आरोपियों ने ही पहुंचाया अस्पताल
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि 1 जुलाई 2026 को मैनपुर मड़ई मेले में भीड़ के दौरान धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने आकाश कश्यप पर डंडों तथा हाथ-मुक्कों से प्राणघातक हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल आकाश को आरोपियों ने ही मैनपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर किया गया। वहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर छह आरोपियों तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपी
* देवकुमार निषाद (20), निवासी शांतिनगर, मैनपुरखुर्द
* भीखम यादव (18), निवासी महुआभाठा, मैनपुरकला
* मनीष यादव (19), निवासी महुआभाठा
* लक्की नेताम (19), निवासी महुआभाठा
* लोकेश यादव (23), निवासी शांतिनगर, मैनपुर
* डिगेंद्र निर्मलकर (18), निवासी शांतिनगर, मैनपुर
* एक विधि से संघर्षरत बालक
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
भीमसेनी एकादशी मेले में चाकूबाजी, दो सगे भाईयों पर जानलेवा हमला










