प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष पर चाकू और रापा से जानलेवा हमला: इस बात पर हुआ विवाद, मामला दर्ज

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष पर चाकू और रापा से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पत्रकारों में भी भारी आक्रोश व्याप्त है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम धनिया निवासी कोमल पाटनवार पत्रकार होने के साथ-साथ खेती-किसानी भी करते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से लालजी पाटनवार की कृषि भूमि अधिया पर जोत रहे हैं। उक्त भूमि को लेकर लालजी पाटनवार और गोपाल पाटनवार के बीच पहले से कब्जे का विवाद चल रहा है।

खेत पहुंचते ही शुरू हुआ विवाद

शिकायत के मुताबिक, 11 जुलाई 2026 की शाम करीब 5.30 बजे जब कोमल पाटनवार खेत देखने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि गोपाल पाटनवार और माधो पाटनवार ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर लौट रहे हैं। इस पर उन्होंने आपत्ति जताई और कहा कि वे पिछले तीन वर्षों से उक्त खेत की खेती कर रहे हैं, फिर बिना अनुमति जुताई कैसे की गई। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों आरोपी भड़क गए। पहले गाली-गलौज की गई, फिर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद विवाद हिंसक हो गया।

चाकू और रापा से किया हमला

आरोप है कि माधो पाटनवार ने हाथ में रखे चाकू से हमला कर दिया, जबकि गोपाल पाटनवार ने रापा से वार किया। हमले में कोमल पाटनवार के बाएं हाथ की पांचों उंगलियों, दाहिने पैर के पंजे और पीठ पर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्होंने तत्काल लालजी पाटनवार को फोन कर घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध

शिकायत के आधार पर सीपत पुलिस ने आरोपी गोपाल प्रसाद पाटनवार और माधो पाटनवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पत्रकारों में आक्रोश, कड़ी कार्रवाई की मांग

बताया गया कि कोमल पाटनवार सीपत प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष हैं, इसलिए पत्रकारों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

कृषि विस्तार अधिकारी ने पत्रकार और वकील से की मारपीट, घटना CCTV में कैद, कलेक्टर ने लिया संज्ञान, नोटिस जारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button