अभनपुर में ED की रेड के दौरान हंगामा, अधिकारियों से धक्का-मुक्की, दो पर FIR दर्ज
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– भारतमाला परियोजना में वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने अभनपुर क्षेत्र में जमीन कारोबारी गोपाल गांधी के परिवार के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान ED अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की, अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अभनपुर थाना में सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर जोनल ऑफिस डायरेक्टरेट ऑफ एनफोर्समेंट के सहायक निदेशक महेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ 27 अप्रैल की शाम सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी के निवास पर धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 की धारा 17 के तहत सर्च और रेड की कार्रवाई के लिए पहुंचे थे।
टीम के साथ अभद्र व्यवहार
जैसे ही टीम परिसर में प्रवेश करने पहुंची, दोनों ने अधिकारियों को कार्रवाई शुरू करने से रोक दिया। आरोप है कि सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी ने न केवल जांच प्रक्रिया में बाधा डाली, बल्कि ED की टीम के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार भी किया।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब ED के डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और आरोपियों से जांच में सहयोग करने की अपील की। इस दौरान जय प्रकाश गांधी ने डिप्टी डायरेक्टर नीरज कुमार सिंह को धक्का दे दिया। इसके बाद मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया और अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
ED अधिकारियों का कहना है कि वे कानूनी प्रक्रिया के तहत धन शोधन निवारण अधिनियम 2002 की धारा 17 के अंतर्गत कार्रवाई कर रहे थे, लेकिन आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अधिकारियों के साथ मारपीट जैसी स्थिति पैदा कर दी।
शासकीय कार्य में बाधा
घटना के बाद सहायक निदेशक महेंद्र सिंह ने अभनपुर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। आवेदन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया कि दोनों व्यक्तियों ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई, सरकारी अधिकारियों के साथ अभद्रता की और उन्हें उनके वैधानिक कर्तव्यों के निर्वहन से रोकने का प्रयास किया।
आवेदन के आधार पर अभनपुर थाना पुलिस ने सत्यनारायण गांधी और जय प्रकाश गांधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221 एवं 3(5) सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CpQZ87PAJSG5aHRZqqzFWX











