शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर साथ छोड़ा, पहले से शादीशुदा निकला आरोपी, गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक युवती को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने विवाह का सपना दिखाकर उसका दैहिक शोषण किया। युवती जब गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने शादी करने से मना कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर युवक को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। मामला रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि फरवरी 2025 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से सागर सारथी नामक युवक से हुई थी। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी करने का भरोसा दिलाया और धीरे-धीरे युवती का विश्वास जीत लिया। पीड़िता के अनुसार, 23 जुलाई 2025 को आरोपी ने उसे तराईमाल बुलाया और मजदूर क्वार्टर में ले जाकर पत्नी बनाकर रखने तथा विवाह करने का वादा करते हुए शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी लंबे समय तक उसे अपने साथ पत्नी की तरह रखकर दैहिक शोषण करता रहा।
बताया गया कि अगस्त 2025 में युवती गर्भवती हो गई। इसके बाद आरोपी का रवैया बदलने लगा। उसने पालन-पोषण की जिम्मेदारी उठाने में असमर्थता जताते हुए युवती को उसके घर भेज दिया। हालांकि बाद में भी वह विवाह का भरोसा देता रहा, लेकिन जब युवती ने साथ रखने की बात कही तो चौंकाने वाला सच सामने आया।
गर्भवती होने पर साथ छोड़ा
आरोपी ने बताया कि उसकी पहली पत्नी पहले से गर्भवती है और उसका युवती से कोई संबंध नहीं है। इतना ही नहीं, उसने युवती को किसी अन्य जगह शादी कर लेने की बात कहने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने धारा 69 एवं 351(3) बीएनएस के मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सिंघल पावर प्लांट लेबर कॉलोनी, तराईमाल से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी सागर सारथी ने युवती के साथ प्रेम संबंध और उसके गर्भवती होने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
लिव-इन में रखकर नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर छोड़ा साथ, आरोपी गिरफ्तार











