विधायक रोहित साहू की अनुशंसा पर महतारी सदनों के लिए 90 लाख रुपए स्वीकृत, इन जगहों पर बनेंगे महतारी सदन
छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने जारी की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू के सतत प्रयासों और जन-सरोकार की राजनीति के फलस्वरूप राज्य सरकार ने राजिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत फिंगेश्वर विकासखंड के लिए तीन नए महतारी सदनों के निर्माण को अपनी प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस स्वीकृति से क्षेत्रीय विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में बढ़ावा मिलेगा।
इसी तारतम्य में फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पंचायत श्यामनगर,कौंदकेरा और बासीन महिलाओं के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक उत्थान के लिए शासन द्वारा 90 लाख रुपए की बड़ी राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से तीनों संबंधित ग्रामों में महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा।स्वीकृत योजना के तहत फिंगेश्वर विकासखंड के इन तीन गांवों में आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त महतारी सदनों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक सदन के लिए 30-30 लाख रुपए का बजट तय किया गया है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति आदेश जारी कर दिए गए हैं।
विधायक रोहित साहू की इस बड़ी उपलब्धि से क्षेत्र की महिलाओं और ग्रामीणों में हर्ष की लहर है। स्वीकृत किए गए इन महतारी सदनों को सर्वसुविधायुक्त बनाया जाएगा जहां मुख्य रूप से महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकें और व्यावसायिक क्रियाकलाप। महिलाओं के कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण शिविर। ग्रामीण स्तर पर महिलाओं से जुड़े सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन।स्वास्थ्य, पोषण और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जा सकेंगी।
महिलाओं के लिए मील का पत्थर
विधायक रोहित साहू ने इस स्वीकृति पर खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त किया है। विधायक साहू ने कहा कि हमारी माताएं और बहनें समाज की धुरी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को अपनी बैठकों, सांस्कृतिक आयोजनों, स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए एक व्यवस्थित स्थान की बेहद जरूरत थी। ये महतारी सदन हमारी ग्रामीण माताओं-बहनों के सशक्तिकरण और स्वावलंबन के प्रमुख केंद्र बनेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि राजिम विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास ही उनका एकमात्र संकल्प है और वे क्षेत्र की जनता की हर छोटी-बड़ी मांग को पूरा करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रहे हैं यही मोदी की गारंटी और विष्णु का सुशासन है। बासीन, श्यामनगर और कौंदकेरा सहित पूरे फिंगेश्वर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, महिला कमांडो, स्व-सहायता समूहों की दीदियों और ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए विधायक रोहित साहू का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि विधायक जी लगातार क्षेत्र के विकास के लिए सक्रिय हैं और उनकी सजगता के कारण ही इतनी जल्दी इस मांग को मंजूरी मिल सकी है। विभाग द्वारा स्वीकृति मिलते ही अब जल्द ही इन भवनों के निर्माण का भूमिपूजन कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











