वेलेंटाइन डे पर नाबालिग गर्लफ्रेंड और उसकी सहेली से दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक युवक ने पहले अपनी 17 वर्षीय नाबालिग गर्लफ्रेंड से दुष्कर्म किया, फिर उसकी 16 वर्षीय सहेली को भी डरा-धमकाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके साथी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम किलकिला निवासी ओमप्रकाश उर्फ राहुल पैंकरा (22) की पहचान वर्ष 2025 में मोबाइल के माध्यम से 17 वर्षीय नाबालिग से हुई थी। बातचीत के दौरान उसने नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया। 14 फरवरी (वेलेंटाइन डे) के दिन उसने युवती को लैलूंगा मिलने बुलाया।
युवती अपनी 16 वर्षीय सहेली (निवासी जशपुर) के साथ बस से पत्थलगांव होते हुए लैलूंगा पहुंची। वहां आरोपी ओमप्रकाश उर्फ राहुल पैंकरा अपने साथी जयकिशन धोबा (20) के साथ बाइक पर लेने पहुंचा। चारों एक ही बाइक पर सवार होकर ग्राम सोनाजोरी पहुंचे। दिनभर साथ रहने के बाद रात में आरोपी दोनों युवतियों को सोनाजोरी के जंगल ले गया।
पहले गर्लफ्रेंड, फिर उसकी सहेली से किया दुष्कर्म
आरोप है कि जंगल में ओमप्रकाश ने पहले अपनी गर्लफ्रेंड से दुष्कर्म किया, इसके बाद उसकी सहेली को जान से मारने और मारपीट की धमकी देकर उसके साथ भी जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद दोनों युवतियां अपने-अपने घर लौट गईं। जशपुर निवासी पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। फिर परिजनों के साथ 16 फरवरी को लैलूंगा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। 17 फरवरी को मुख्य आरोपी ओमप्रकाश पैंकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। जांच के दौरान उसके साथी जयकिशन धोबा की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/FADIHNZd3es0KqZZFup3r8











