युवक की बेरहमी से हत्या: पत्थर-ईंट से कुचला सिर

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का सिर और चेहरा बेरहमी से कुचला गया था। शव के पास खून से सनी ईंट और पत्थर मिला है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना रायगढ़ जिले के कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
सुबह गांव में मिला शव
जानकारी के अनुसार कोतरा इलाके के खैरपुर गांव स्थित सीतापुर बस्ती में सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों ने युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास खून फैला हुआ था और चेहरे, सिर, गर्दन व कंधे पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
दोस्तों के साथ निकला था घर से
मृतक की पहचान ग्राम भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा (23 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक गुरुवार रात करीब साढ़े 9 बजे तिलक अपने दोस्तों के साथ जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। रातभर तलाश के बाद शुक्रवार सुबह खैरपुर गांव में शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के अनुसार, रात में तिलक को गांव के ही एक युवक के साथ देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि किसी विवाद, आपसी रंजिश या नशे के दौरान हुए झगड़े में उसकी हत्या की गई है। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि तिलक नशे का आदी था। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से खून लगा ईंट और पत्थर मिला है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इन्हीं से वार कर युवक की हत्या की गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
हत्या की गुत्थी सुलझाने पुलिस अब सीतापुर बस्ती और खैरपुर मार्ग के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना वाली रात मृतक के साथ एक अन्य युवक मौजूद था। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
एक ही परिवार के 4 लोगों की निर्मम हत्या, निर्माणाधीन मकान में खून से लथपथ मिला शव, इस बात की आशंका











