बेटी को बचाने डैम में कूदी गर्भवती मां, दोनों की दर्दनाक मौत; बड़ी बेटी ने तैरकर बचाई जान

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। डैम में डूब रही मासूम बेटी को बचाने के लिए पानी में कूदी गर्भवती मां और उसकी बेटी की मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी किसी तरह तैरकर बाहर निकल आई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम बालाझार निवासी सुकांती तिग्गा (32) रविवार दोपहर अपनी दो बेटियों आराधना तिग्गा (10) और मीनाक्षी तिग्गा (8) के साथ घोघरा डैम गई थीं। वह डैम किनारे कपड़े धोने के साथ बच्चों के साथ नहा रही थीं। इसी दौरान छोटी बेटी मीनाक्षी अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।

बेटी को बचाने डैम में कूदी मां

मासूम बेटी को बचाने के लिए मां सुकांती तिग्गा तुरंत पानी में कूद गईं। बड़ी बेटी आराधना ने भी बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण मां और छोटी बेटी दोनों पानी में समा गए। किसी तरह आराधना तैरकर बाहर निकली और घबराई हालत में गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण डैम की ओर दौड़ पड़े। डैम किनारे महिला के कपड़े, बाल्टी और चप्पलें पड़ी मिलीं। घटना की खबर मिलते ही पत्थलगांव पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद सुकांती तिग्गा और उनकी बेटी मीनाक्षी के शव डैम से बाहर निकाले गए। बताया जा रहा है कि सुकांती तिग्गा गर्भवती थीं। हादसे के बाद गांव में शोक और मातम का माहौल है।

पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। एक ही परिवार की दो जिंदगियां पलभर में खत्म हो जाने से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के लोगों की आंखें नम हैं और हर कोई इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

भाई को डूबता देख बहन ने लगाई पानी में छलांग, गहरे पानी में डूबने से दोनों की मौत, परिवार में पसरा मातम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button