देवर-भाभी के बीच अवैध संबंध: इस बात पर देवर का भड़का गुस्सा, भाभी की कर दी हत्या; पुलिस ने किया गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां देवर ने अपनी ही भाभी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। आरोपी रिश्ते को खत्म करना चाहता था, जबकि महिला इसका विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने भाभी की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बलौदाबाजार कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार के वार्ड क्रमांक 20 की रहने वाली पुष्पा ध्रुव (29 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ में खुला हत्या का राज
जांच के दौरान पुलिस का संदेह मृतका के देवर देवेंद्र ध्रुव पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने पर आरोपी शुरू में पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ी पूछताछ के आगे टूट गया और हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
लंबे समय से थे प्रेम संबंध
पुलिस जांच में सामने आया कि पुष्पा और देवेंद्र के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों के बीच लगातार संपर्क और नजदीकियां थीं, लेकिन हाल के दिनों में देवेंद्र इस रिश्ते से दूरी बनाने लगा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर तीखी बहस हुई। मृतका जहां रिश्ते को बनाए रखना चाहती थी, वहीं आरोपी उससे पीछा छुड़ाना चाहता था।
छत से धक्का देकर सिर को कुचला
पुलिस के अनुसार बहस के दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई। इसी दौरान आरोपी ने महिला को छत से नीचे धक्का दे दिया। नीचे गिरने के बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने ईंट-पत्थर से महिला के चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया था।
घटनास्थल पर कराया गया सीन रीक्रिएशन
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया गया। इस दौरान आरोपी ने हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य पुलिस को बताए। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











