छुरा ब्रेकिंग: मछली पकड़ने के दौरान दर्दनाक हादसा, जलाशय में डूबने से युवक की मौत
मौके से जाल और पकड़ी गई मछलियां बरामद, पत्नी का पहले ही हो चुका था निधन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) किशन सिन्हा:– गरियाबंद जिले के कोटरी नाला जलाशय में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर मछली पकड़ने का जाल और पकड़ी गई मछलियां भी बरामद हुई हैं। मामला छुरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान माखन कमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कुरूभाठा का निवासी था, जबकि पिछले कई वर्षों से परसदा खुर्द स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। बताया जाता है कि वह कोटरी नाला जलाशय में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
घटनास्थल से जाल और पकड़ी गई मछलियां भी बरामद हुई हैं। ग्रामीणों के अनुसार मृतक जलाशय में मछली पकड़ने के उद्देश्य से ही गया था। ऐसे में यह घटना केवल एक सामान्य डूबने की घटना नहीं रह जाती, बल्कि बंद ऋतु के दौरान प्रतिबंधित मछली आखेट की वास्तविक स्थिति को भी उजागर करती है।
प्रतिबंध अवधि में मछली पकड़ने पर उठे सवाल
गौरतलब है कि प्रत्येक वर्ष 15 जून से 15 अगस्त तक मछलियों के प्रजनन काल को ध्यान में रखते हुए मछली आखेट पर प्रतिबंध लगाया जाता है। इस अवधि में जलाशयों, बांधों, नदियों और अन्य जल स्रोतों में मछली पकड़ना नियम विरुद्ध माना जाता है। इसके बावजूद विभिन्न क्षेत्रों से लगातार जाल डालकर मछली पकड़ने की खबरें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रतिबंध का प्रभावी पालन कराया जाता, तो संभवतः इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात के मौसम में जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ता है और पानी का बहाव भी सामान्य दिनों की तुलना में अधिक खतरनाक हो जाता है। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर पानी में उतर रहे हैं। ऐसे हालात यह संकेत देते हैं कि प्रतिबंध अवधि के दौरान जागरूकता और निगरानी दोनों स्तरों पर अभी भी गंभीर चुनौतियां मौजूद हैं।
मृतक माखन कमार के परिवार की स्थिति इस हादसे के बाद बेहद दयनीय हो गई है। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ ससुराल में रहकर जीवनयापन कर रहा था। अब उसकी मौत के बाद मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया भी उठ गया है। गांव में घटना के बाद शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जांच में जुटी पुलिस
छुरा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
राजिम ब्रेकिंग: गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम भाई-बहन की मौत, पसरा मातम, घर से खेलने निकले थे











