सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर की प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई को, कलेक्टर ने परीक्षा की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के दिए निर्देश

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर (प्रारंभिक) परीक्षा-2024 का आयोजन 12 जुलाई 2026 को जिले के 22 परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी पर्यवेक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र में पेयजल, विद्युत तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए तथा सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन हो।
उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षार्थी की प्रवेश से पूर्व फ्रिस्किंग एवं फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से की जाए।
आधा घंटा पूर्व पहुंचें
परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्री का वितरण जिला कोषालय, कलेक्टर परिसर रायपुर से प्रातः 7 बजे किया जाएगा। गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन हेतु संबंधित अधिकारियों को उनके नाम के समक्ष दर्शित परीक्षा केंद्रों के लिए परिवहन अधिकारी एवं उड़नदस्ता अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी नियुक्त अधिकारी निर्धारित समय पर जिला कोषालय पहुंचकर गोपनीय सामग्री प्राप्त करेंगे तथा परीक्षा प्रारंभ होने के एक घंटे पूर्व संबंधित केंद्राध्यक्ष को अनिवार्य रूप से सौंपेंगे।
परीक्षा के दौरान आवंटित परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए उड़नदस्ता दल द्वारा सतत निरीक्षण किया जाएगा।
कलेक्टर ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से आधा घंटा पूर्व पहुंचें, ताकि फ्रिस्किंग, फेस ऑथेंटिकेशन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकें और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
वर्ष 2026-27 के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन पंजीयन प्रारंभ, इन बातों का रखें ध्यान











