गरियाबंद में चलाया चेकिंग अभियान: स्कूल बसों और नाबालिग वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गरियाबंद पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ा जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के विशेष निर्देश पर शहर के विभिन्न मार्गों और निजी स्कूलों में स्कूल बसों तथा नाबालिग वाहन चालकों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान 18 स्कूल बसों की जांच में 6 बसों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई, जबकि सात नाबालिग छात्र वाहन चलाते हुए पकड़े गए, जिन पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
निजी स्कूलों की बसों की हुई जांच
संयुक्त टीम ने श्रद्धा पब्लिक स्कूल, द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल और एंग्लो एंजल्स पब्लिक स्कूल की कुल 18 स्कूल बसों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, अग्निशमन यंत्र, सुरक्षा उपकरण एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
फिटनेस समाप्त, फायर एक्सटिंग्विशर मिले एक्सपायर्ड
निरीक्षण के दौरान कई बसों का फिटनेस सर्टिफिकेट समाप्त पाया गया। वहीं कुछ बसों में लगे अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) भी एक्सपायर्ड मिले। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर आरटीओ ने मौके पर ही 6 बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
7 नाबालिग वाहन चालक भी आए पकड़ में
अभियान के दौरान सड़क पर 7 स्कूली नाबालिग छात्र दोपहिया वाहन चलाते मिले। यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की और अभिभावकों को भी नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।
स्कूल प्रबंधन और पालकों को चेतावनी
गरियाबंद पुलिस और परिवहन विभाग ने सभी निजी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे स्कूल बसों के सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे किसी भी स्थिति में नाबालिग बच्चों को दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने के लिए न दें।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











