शिक्षिका से ऑनलाइन ठगी: अश्लील वीडियो देखने और एफआईआर का डर दिखाकर हजारों ठगे

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक महिला शिक्षिका से अश्लील वीडियो और एफआईआर का डर दिखाकर हजारों रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। खुद को अधिकारी बताने वाले साइबर ठग ने शिक्षिका को बदनाम करने और गिरफ्तारी की धमकी देकर अलग-अलग किश्तों में क्यूआर कोड के जरिए रकम ट्रांसफर करा ली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन क्षेत्र निवासी 42 वर्षीय महिला शिक्षिका के मोबाइल पर 4 जुलाई की दोपहर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम सुनील बताते हुए खुद को अधिकारी बताया और कहा कि उनके मोबाइल नंबर से अश्लील वीडियो देखे गए हैं, जिसके चलते उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने वाली है। आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने की भी धमकी दी।

अलग-अलग किश्तों में रुपए कराए ट्रांसफर

धमकियों से घबराई शिक्षिका ने बदनामी के डर से आरोपी के बताए क्यूआर कोड पर फोनपे के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 76,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28,993.13 रुपये की राशि होल्ड करा दी।

पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत अपराध दर्ज कर मोबाइल नंबर, बैंक खाते और डिजिटल ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति फोन पर खुद को पुलिस, सीबीआई, साइबर अधिकारी या किसी अन्य एजेंसी का अधिकारी बताकर गिरफ्तारी, एफआईआर, अश्लील वीडियो, डिजिटल अरेस्ट या जांच के नाम पर पैसे मांगता है, तो उसकी बातों में बिल्कुल न आएं। ऐसी स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस थाने अथवा साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

आधार कार्ड दुरुपयोग का डर दिखाकर साइबर जाल: फर्जी पुलिस बनकर शिक्षिका से 14.60 लाख की ठगी, जानिए पूरा मामला

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button