रायपुर-आरंग मार्ग पर भीषण हादसा: Dail-112, यात्री बस और कंटेनर की जोरदार टक्कर, तीनों वाहनों के उड़े परखच्चे, मची चीख पुकार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर-आरंग मार्ग नेशनल हाईवे-53 पर डायल-112, एक यात्री बस और तेज रफ्तार कंटेनर के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री व पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए। घटना मंदिर हसौद थाने के सामने हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ की टीम पलौद मोड़ की तरफ से नियमित पेट्रोलिंग पूरी कर वापस मंदिर हसौद थाने लौट रही थी। जैसे ही डायल 112 का वाहन थाने के सामने हाईवे से अंदर मुड़ने लगा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार बड़े कंटेनर ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।
कंटेनर की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। इसी दौरान, कंटेनर के ठीक पीछे चल रही ‘किरण’ ट्रेवल्स की यात्री बस (क्रमांक CG 06 HB 9519) भी अनियंत्रित होकर कंटेनर के पिछले हिस्से से जा टकराई।
वाहनों के उड़े परखच्चे, मची चीख-पुकार
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। डायल 112 की गाड़ी का अगला और साइड का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और इंजन को भारी क्षति पहुंचा है। किरण बस का सामने का हिस्सा (फ्रंट बंपर और विंडशील्ड) बुरी तरह टूट गया। हादसे के वक्त बस में यात्री सवार थे, जिससे अचानक हुए झटके के कारण बस के भीतर कुछ समय के लिए चीख-पुकार मच गई। कंटेनर का पिछला दरवाजा और बॉडी भी इस टक्कर में क्षतिग्रस्त हो गए।
नेशनल हाईवे पर लगा लंबा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसा थाना के ठीक सामने होने के कारण मंदिर हसौद पुलिस तुरंत हरकत में आई। दुर्घटना के फौरन बाद व्यस्त नेशनल हाईवे 53 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। थाना प्रभारी और पुलिस बल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। सभी वाहनों से यात्रियों और चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को बीच सड़क से हटाकर किनारे किया और तत्परता दिखाते हुए यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारू रूप से दुरुस्त कराया। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
नवापारा ब्रेकिंग: पिकअप और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, ओवरटेक के दौरान हादसा, गाड़ी के उड़े परखच्चे











