शिवभक्ति का अनुपम संगम: श्रावण के पहले सोमवार नवापारा में शिवभक्तों ने किया 95,103 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर नवापारा नगर के गांधी चौक स्थित राधाकृष्ण मंदिर में पार्थिव शिवलिंग निर्माण को लेकर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सेठ रेखराज चतुर्भुज भागीरथ अग्रवाल द्वारा नगर को समर्पित राधाकृष्ण मंदिर में दद्दा शिष्य मंडल एवं राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पार्थिव शिवलिंग निर्माण का आयोजन किया गया।

आयोजन के पहले दिन श्रद्धालुओं द्वारा मिट्टी की गोलियां तैयार की गई थीं, जबकि सोमवार को बड़ी संख्या में पहुंचे शिवभक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया। पहले ही सोमवार को कुल 95,103 पार्थिव शिवलिंग बनाए गए। श्रावण माह में भगवान शिव के प्रति लोगों की गहरी आस्था का नजारा पूरे आयोजन के दौरान देखने को मिला।

भजनों पर भक्तिभाव में झूमते रहे श्रद्धालु 

एक ओर श्रद्धालु पार्थिव शिवलिंग बनाने में जुटे रहे, वहीं दूसरी ओर मंच पर सालासर समिति के नेमी साहू एवं उनके साथियों ने भगवान भोलेनाथ के भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। भजनों पर श्रद्धालु भक्तिभाव में झूमते नजर आए।

शिवलिंगों के निर्माण के बाद संतोष मिश्रा एवं अन्य ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन एवं अभिषेक कराया गया। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं के लिए दूध, दही, पंचामृत, बेलपत्र, पुष्प एवं दीपक सहित पूजन सामग्री की समुचित व्यवस्था की थी। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने अपने सिर पर पार्थिव शिवलिंगों से भरी परात रखकर गाजे-बाजे और जयघोष के साथ कतारबद्ध होकर महानदी तट तक शोभायात्रा निकाली, जहां विधिवत शिवलिंगों का विसर्जन किया गया। विसर्जन के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से आगामी श्रावण सोमवारों पर भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन में सहभागी बनने की अपील की।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

गुरु पूर्णिमा पर गायत्री शक्तिपीठ राजिम में गूंजे वैदिक मंत्र, महायज्ञ व संस्कारों का हुआ आयोजन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button