शातिर तरीके से टायरों में छिपाकर कर रहे थे गांजा की तस्करी, गरियाबंद पुलिस ने 151 किलो गांजे के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
8 महीने में 5.17 करोड़ का गांजा जब्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गरियाबंद जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 151 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त मेटाडोर वाहन भी पुलिस ने जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 20 लाख 25 हजार रुपये है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देश और पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के मार्गदर्शन में जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट लगाकर संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। इसी दौरान 19 अगस्त 2026 को थाना देवभोग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक मेटाडोर में गांजा भरकर देवभोग की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर खुटगांव अंतरराज्यीय पुलिस चेकपोस्ट पर पुलिस जवानों ने वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध मेटाडोर को रोककर गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन के छह टायरों के अंदर बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया 151 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मेटाडोर चालक रोहित पांडेय (35), निवासी जिला छतरपुर, मध्यप्रदेश और उसके साथी रमेश नायक (52), निवासी जिला कालाहांडी, ओडिशा को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से गांजा और तस्करी में प्रयुक्त कथ्थई रंग का मेटाडोर क्रमांक CG 07 AY 3587 जब्त किया गया। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) और 27A के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
8 महीने में 5.17 करोड़ का गांजा जब्त
गरियाबंद पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन निश्चय” के तहत पिछले 8 महीनों में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है। इस दौरान कुल 44 प्रकरण दर्ज कर 86 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 10 क्विंटल 80 किलो यानी 1,080 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 17 लाख रुपये बताई गई है।
इसी अवधि में गांजा तस्करी में प्रयुक्त 18 दोपहिया और 14 चारपहिया समेत कुल 32 वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि गरियाबंद जिला अन्य राज्यों की सीमाओं से जुड़ा होने के कारण तस्कर इस क्षेत्र का इस्तेमाल गांजा परिवहन के लिए करने की कोशिश करते हैं। इसे रोकने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग और निगरानी बढ़ाई गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सक्रिय मुखबिर तंत्र और पुलिस टीमों की सतर्कता से पिछले आठ महीनों में गांजा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई है। जिले में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। आज की कार्रवाई में सराहनीय भूमिका निभाने वाले थाना प्रभारी देवभोग एवं पुलिस टीम को सम्मानित किए जाने की बात भी पुलिस विभाग ने कही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











