29 लाख के विकास कार्यों से बदलेगी कुम्ही की तस्वीर, विधायक रोहित साहू ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजिम के समीपस्थ ग्राम कुम्ही में अनेक विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम उत्सव के रूप में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इस अवसर पर कुल 29 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया गया।

कार्यक्रम में विधायक मद से निर्मित सरस्वती शिशु मंदिर सामुदायिक भवन लागत 08 लाख रुपये तथा वार्ड नं. 12 एवं 06 में पक्का नाली निर्माण कार्य लागत 06 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा कृषि एवं बीज विकास निगम लिमिटेड छत्तीसगढ़ की स्वीकृति से शीतला तालाब टीना शेड निर्माण कार्य लागत 15 लाख रुपये का भूमिपूजन भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू शामिल हुए, कार्यक्रम की अध्यक्षता छग बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने की। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू, जिला पंचायत सभापति नंदनी ओंकार साहू, भाजपा जिला मंत्री सुरेन्द्र सोनटेके, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिकेश साहू,  हरीश साहू जिलाअध्यक्ष सरपंच संघ गरियाबंद, पंकज निर्मलकर जनपद सदस्य एवं जिला महामंत्री भाजपा युवा मोर्चा, भाजपा मंडल महामंत्री जितेन्द्र पेंडरिया, श्रीमती रेणुका साहू आदि शामिल हुए।

सर्वांगीण विकास हमारी पहली प्राथमिकता

इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचल का सर्वांगीण विकास हमारी पहली प्राथमिकता है। सामुदायिक भवन और पक्की नालियों के निर्माण से गाँव के बुनियादी सुविधाओं का स्तर बेहतर होगा। आज जिन कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन हुआ है, वे कुम्ही गाँव की प्रगति में मील का पत्थर साबित होंगे। हम क्षेत्र में जन-सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का लाभ लेकर बिजली बिल से हम राहत पा सकते हैं। इसमें मिलने वाली सब्सिडी का अधिक से अधिक लाभ लेकर अपने घरों में सौर पैनल स्थापित करें और ऊर्जा उपभोक्ता के साथ साथ अब हम ऊर्जा उत्पादक व ऊर्जा प्रदाता बनने की ओर अग्रसर हों तभी हम विकसित भारत की परिकल्पना को जल्द ही साकार कर सकेंगे।

आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा लाभ

छग कृषि एवं बीज विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर ने कहा कि विकास कार्यों के निष्पादन से गाँव की आधारभूत संरचना मजबूत होती है। शीतला तालाब परिसर में 15 लाख रुपये की लागत से बनने वाला टीना शेड ग्रामीणों को सार्वजनिक व धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान प्रदान करेगा। कृषि और ग्रामीण विकास के जरिए हम क्षेत्र के हर नागरिक को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि गाँव का विकास भवनों या सड़कों के साथ-साथ समाज के एकजुट होकर आगे बढ़ने से होता है। आज ग्राम कुम्ही में जो विकास कार्य स्वीकृत और पूर्ण हुए हैं, वे पंचायत प्रतिनिधि और जन-सामान्य के साझा प्रयासों का परिणाम हैं। ऐसे निर्माण कार्यों से आने वाली पीढ़ियों को सीधा लाभ पहुँचेगा।

इस दौरान प्रमुख रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव चंद्राकर, प्रकाश साहू अध्यक्ष परिक्षेत्र साहू समाज राजिम, प्रभु नंद चंद्राकर, सुरेश दिलावर, वीरेंद्र साहू सरपंच, दीनू साहू उपसरपंच, श्याम लाल साहू, जीवराखन साहू, शत्रुहन साहू, मेघनाथ साहू प्राचार्य, बालचंद साहू, समस्त पंचगण व ग्रामवासी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सरपंच,उपसरपंच सहित समस्त ग्रामवासियों ने विकास कार्यों की सौगात मिलने पर जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

सेम्हरतरा-पिपरछेड़ी में ग्राम सदन का लोकार्पण, विधायक रोहित साहू ने कहा- गृहग्राम का स्नेह और आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी ताकत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button