छत्तीसगढ़ पुलिस का साइबर जागृति अभियान, गरियाबंद में QR कोड और सेल्फी से दिया जा रहा साइबर सुरक्षा का संदेश
क्यूआर स्कैन करने के बाद सोशल मीडिया में अपने सेल्फी शेयर करने की भी अपील

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा विशेष “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के प्रथम सप्ताह में 15 अगस्त से 22 अगस्त तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 19 अगस्त को गरियाबंद पुलिस ने जिले के स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान गरियाबंद पुलिस ने डिजिटल तकनीक और सेल्फी के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश देने की अनूठी पहल की। कार्यक्रम स्थलों पर विशेष QR कोड उपलब्ध कराए गए, जिन्हें स्कैन करने के बाद नागरिकों से अपनी सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की गई। इस पहल का उद्देश्य साइबर सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और युवाओं को डिजिटल अपराधों के प्रति सतर्क करना है।
साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतें।
गरियाबंद पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सामूहिक जागरूकता और सतर्कता से साइबर अपराधों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकता है। “साइबर जागृति अभियान” के माध्यम से छत्तीसगढ़ को सुरक्षित और साइबर अपराध मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











