तीजा पर बहन को मायके लाने निकले भाई-बहन को पिकअप ने मारी टक्कर, दोनों की मौत; त्यौहार की खुशियां मातम में बदली
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक दिल दहला देने सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तीजा पर्व पर बहन को मायके लाने के दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र का है।
बहन को तीजा लाने गया था भाई
जानकारी के मुताबिक बड़े गौरी गांव निवासी दामेश्वर सिन्हा अपनी बहन नीता सिंह को तीजा पर्व के अवसर पर मायके लाने के लिए शनिवार को मोखा गांव गए थे। बहन को बाइक पर बैठाकर दोनों बड़े गौरी लौट रहे थे। इसी दौरान पुरूर के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। लेकिन गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान भाई दामेश्वर सिन्हा और बहन नीता सिंह ने दम तोड़ दिया। एक साथ भाई-बहन की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। तीजा पर बहन को मायके लाने की खुशी कुछ ही देर में मातम में बदल गई।
पिकअप चालक फरार
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप को जब्त कर थाने पहुंचाया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। हादसे ने एक परिवार से एक साथ दो जिंदगियां छीन लीं और पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अभनपुर ब्रेकिंगः तीजा से घर लौटी पत्नी की हत्या, चरित्र शंका में लोहे की रॉड से सिर पर किया हमला











