महतारी वंदन के पैसों से मंदिर निर्माण की अनूठी पहल, कुटेना की महिलाओं ने पेश की मिसाल

विधायक रोहित साहू ने की प्रशंसा, कहा महिलाओं की बचत से आकार ले रहा आस्था का केंद्र

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज)​ राजिम :– छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सशक्तिकरण का एक बड़ा माध्यम बन चुकी है। इस योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग महिलाएं केवल अपने दैनिक कार्यों तक सीमित न रखकर, समाजहित और रचनात्मक कार्यों में भी कर रही हैं।

इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण छुरा विकासखंड के ग्राम कुटेना में देखने को मिला है, जहां शिवशक्ति महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि की बचत करके गांव में भव्य मंदिर के निर्माण का बीड़ा उठाया है। महिलाओं की इस धार्मिक व सामाजिक पहल की गूंज पूरे क्षेत्र में है।

जब समूह की महिलाओं ने राजिम क्षेत्र के विधायक रोहित साहू से उनके निवास जाकर इस नेक पहल की जानकारी को साझा किया ​तो विधायक ​विधायक रोहित साहू ने महिलाओं के इस जज्बे की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्राम कुटेना की शिवशक्ति महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं ने यह साबित कर दिया है कि जब नारी शक्ति ठान ले, तो वे व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज और गांव की तस्वीर भी बदल सकती हैं। महतारी वंदन योजना के पैसों को जोड़कर मंदिर का निर्माण करवाना यह दर्शाता है कि हमारी माताओं-बहनों के संस्कार और धार्मिक भावनाएं कितनी उच्च हैं।

महिलायें बड़े बदलाव ला रही

विधायक रोहित साहू ने विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। ​सरकार की इस योजना की सफलता पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने कहा कि आज प्रदेश की लाखों माताएं-बहनें इस योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं और छोटे-छोटे स्तर पर बड़े बदलाव ला रही हैं।

शासन की योजनाएं बिना किसी रुकावट के सीधे पात्र हितग्राहियों के खातों में पहुंच रही हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक ताना-बाना मजबूत हो रहा है। कुटेना की महिलाओं ने साबित कर दिया है कि सरकारी सहायता सही हाथों में पड़ने पर किस प्रकार धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक समरसता के कार्यों में तब्दील हो सकती है।

​​शिवशक्ति महिला स्वसहायता समूह की इस सराहनीय पहल से पूरे ग्राम कुटेना में उत्साह का माहौल है। महिलाओं का कहना है कि सरकार द्वारा दी जाने वाली इस राशि ने उनके सपनों को पंख दिए हैं और वे आगे भी ऐसे सामाजिक व धार्मिक कार्यों में अपना योगदान देती रहेंगी। विधायक से मुलाकात के अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, समूह की महिलाएं और स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

शिक्षा के साथ संस्कार और सेवा भाव जरूरी-विधायक रोहित साहू; सेवा संकल्प अभियान में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button