त्योहार पर दर्दनाक हादसा : बालकनी की ग्रिल में करंट, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत; मां की हालत गंभीर
11 हजार केवी हाईटेंशन तार से करंट फैलने की आशंका

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने त्योहार के दिन ही हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। घर की बालकनी की लोहे की ग्रिल में फैले करंट की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि दोनों को बचाने पहुंची मां भी गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में रायपुर रेफर किया गया है। घटना बलौदाबाजार जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नेहरू चौक की है।
जानकारी के अनुसार, नेहरू चौक निवासी कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता (45) शुक्रवार सुबह नींद से जागने के बाद अपने घर की बालकनी में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने वहां लगी लोहे की ग्रिल को छुआ, जिसमें पहले से करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट का झटका लगते ही वे ग्रिल से चिपक गए। पिता को इस हालत में देखकर उनका 24 वर्षीय बेटा ओम गुप्ता उन्हें बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।
पति और बेटे को करंट से छटपटाते देख राकेश की पत्नी वर्षा गुप्ता (45) भी उन्हें बचाने पहुंचीं। इस दौरान उन्हें भी बिजली का तेज झटका लगा और वह दूर जा गिरीं। अचानक हुए इस हादसे से घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
अस्पताल में डॉक्टरों ने राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, वर्षा गुप्ता की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
11 हजार केवी हाईटेंशन तार से करंट फैलने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के पास से 11 हजार केवी का हाईटेंशन बिजली तार गुजरता है। आशंका जताई जा रही है कि बिजली के तार के संपर्क में आने से बालकनी में रखे सफाई के सामान के माध्यम से करंट फैल गया, जिससे लोहे की ग्रिल भी करंट प्रवाहित करने लगी। हालांकि, शॉर्ट सर्किट की आशंका भी जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर पिता-पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
दिवाली से पहले बुझ गया घर का चिराग, सड़क हादसे में युवक की मौत










