नेशनल हाईवे पर मौत बनकर दौड़ा ट्रेलर, खड़ी यात्री बस को पीछे से मारी टक्कर; दो की मौत, चार गंभीर
यात्रियों के उतरने के दौरान हुआ हादसा; बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नेशनल हाईवे-130 पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। सड़क किनारे खड़ी यात्री बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस के पिछले हिस्से में बैठे दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र की है ।
जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस करीब 35 यात्रियों को लेकर कुनकुरी से रायपुर जा रही थी। रविवार तड़के लगभग 3 बजे बस बरपाली के अनूप ढाबा के पास पहुंची। इस दौरान कुछ यात्रियों को बाथरूम जाने की जरूरत पड़ी, जिसके चलते चालक ने बस को नेशनल हाईवे के किनारे रोक दिया।
इसी दौरान गेहूं से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर पीछे से आया और खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक समय रहते ब्रेक नहीं लगा सका, जिससे यह भीषण हादसा हो गया।
बस के पिछले हिस्से में मची चीख-पुकार
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी हिस्से में बैठे दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











