दोस्त के साथ दिखी प्रेमिका, विवाद के बाद कार पर चढ़ा युवक, गिरने से मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजधानी रायपुर में शुक्रवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद अचानक हादसे में बदल गया और एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। घटना आमानाका थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार उदया सोसायटी, टाटीबंध निवासी परमप्रीत सिंह शुक्रवार दोपहर एम्स के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने अपनी प्रेमिका को उसके दोस्त भरत मंगनानी के साथ देखा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद युवती भरत मंगनानी की कार में बैठकर जाने लगी। परमप्रीत ने उन्हें रोकने की कोशिश की।

कार नहीं रुकने पर वह उसके बोनट पर चढ़ गया और युवती को नीचे उतरने के लिए कहने लगा। बताया जा रहा है कि इसके बाद भरत ने कार आगे बढ़ा दी। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद परमप्रीत सड़क पर गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
पुलिस जुटी जांच में
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस प्रारंभिक जांच में घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
छात्र हत्याकांड मामला: नाराज होकर दोस्त ने ही की थी हत्या, ये वजह आई सामने











