दर्दनाक हादसा : कपड़े लेने गई महिला करंट की चपेट में आई, बचाने पहुंचा बेटा, दोनों की मौके पर मौत

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– रायपुर जिले में शुक्रवार को करंट लगने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है महिला बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने पहुंचीं थी, इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। उसे बचाने पहुंचा उसका बेटा भी करंट की चपेट में आ गया और दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।    

जानकारी के अनुसार, कल्याणी यादव 54 वर्ष अपने बेटे मधुसूदन 23 वर्ष के साथ रायपुर में रह रही अपनी बेटी से मिलने आई थीं। उनकी बेटी छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। शुक्रवार दोपहर कल्याणी बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने पहुंचीं। कपड़े उतारने के दौरान उन्होंने जैसे ही जीआई पाइप को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गईं और पाइप से चिपक गईं।

मां को करंट से चिपका देख उनका बेटा मधुसूदन उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। उसने जैसे ही मां को छुड़ाने की कोशिश की, वह भी करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

कूलर से पाइप में पहुंचा करंट

शुरुआती जांच में सामने आया है कि बालकनी में विंडो कूलर और रेलिंग के बीच कपड़े सुखाने के लिए जीआई पाइप लगाया गया था। इसी पाइप पर कपड़े सुखाए जा रहे थे। आशंका है कि कूलर में करंट आने के बाद बिजली का प्रवाह जीआई पाइप और बालकनी की रेलिंग तक पहुंच गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बरसात के मौसम में बरतें विशेष सावधानी

बारिश के दौरान घरों के आसपास से गुजरने वाले बिजली के तार, गीली दीवारें, खुले स्विच बोर्ड और खराब वायरिंग जानलेवा साबित हो सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार गीले हाथों से किसी भी  विद्युत उपकरण को नहीं छूना चाहिए तथा कपड़े सुखाते समय यह सुनिश्चित करें कि रस्सी या स्टैंड बिजली के तारों के बिल्कुल पास न हो। यदि कहीं बिजली का तार टूटा हुआ, झूलता हुआ या नीचे लटका दिखाई दे तो तुरंत बिजली विभाग को सूचना दें और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें। यह घटना एक बार फिर सावधान करती है कि बरसात के मौसम में थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

बारिश के बीच करंट बना काल: कपड़े सुखाते समय महिला की दर्दनाक मौत, बरसात में बिजली उपकरणों से बरतें सावधानी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button