स्वागत द्वार से टकराई तेज रफ्तार कैंपर, दो की मौके पर मौत, दो गंभीर; वाहन के उड़े परखच्चे

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– तेज रफ्तार महिंद्रा कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने स्वागत द्वार के मजबूत पिलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
तेज रफ्तार बनी मौत की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी ट्रांसपोर्ट व्यवसायी सत्येंद्र पांडेय (45) अपने साथियों रोहित कश्यप (35), जितेंद्र सिंह (56) और विपिन सिंह (38) के साथ महिंद्रा कैंपर में सवार होकर तमनार क्षेत्र से घरघोड़ा की ओर लौट रहे थे। गुरुवार शाम करीब 5.30 बजे जैसे ही वाहन झरियापाली और देवगढ़ के बीच पहुंचा, चालक ने गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार कैंपर सीधे स्वागत द्वार के पिलर से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी सत्येंद्र पांडेय और चालक रोहित कश्यप की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वाहन में फंसे घायल
हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र सिंह और विपिन सिंह को तत्काल घरघोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवाया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











