कॉलेज छात्रा के साथ आपत्तिजनक हालत में मिला शिक्षक, वीडियो वायरल; जांच के बाद DEO ने की सेवा समाप्त

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– कॉलेज छात्रा के साथ कार में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए शिक्षक पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो और जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक सुरेश कुमार जायसवाल की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। मामला सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र का है।
जानिए पूरा मामला
बतौली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरमना स्थित लंकाडांड जंगल में 20 अप्रैल की रात करीब 12 से 1 बजे के बीच कुछ स्थानीय युवक जंगल किनारे पहुंचे। वहां एक संदिग्ध कार खड़ी देख युवकों ने पास जाकर देखा तो कार के भीतर बतौली स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का संविदा शिक्षक सुरेश कुमार जायसवाल एक कॉलेज छात्रा के साथ आपत्तिजनक हालत में मौजूद था।
ग्रामीणों ने बनाया वीडियो
मौके पर मौजूद युवकों ने दोनों का वीडियो बना लिया। वीडियो में शिक्षक सवालों से बचते नजर आ रहा है, जबकि कार में बैठी युवती भीड़ को देखकर चेहरा छिपाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है। कुछ ही घंटों में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी नाराजगी फैल गई। लोगों का कहना था कि एक शिक्षक का देर रात जंगल में छात्रा के साथ इस तरह मिलना शिक्षा व्यवस्था की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
भाजपा नेताओं ने की थी शिकायत
मामले ने तूल पकड़ा तो भाजपा नेताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सरगुजा डीईओ दिनेश कुमार झा ने तत्काल प्रभाव से शिक्षक सुरेश कुमार जायसवाल को स्कूल से हटाकर उदयपुर बीईओ कार्यालय में अटैच कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई। जांच टीम में बतौली बीईओ शरद चंद्र मेशपाल, सीतापुर बीईओ और सेदम हाई स्कूल के प्राचार्य को शामिल किया गया।
जांच में खुली पूरी पोल
जांच के दौरान वायरल वीडियो की पुष्टि की गई। टीम ने पाया कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति शिक्षक सुरेश कुमार जायसवाल ही है। वहीं जंगल किनारे खड़ी कार भी उसी की निकली। जब जांच टीम ने शिक्षक से पूछताछ की तो वह यह स्पष्ट जवाब नहीं दे सका कि वह आधी रात छात्रा के साथ जंगल में क्या कर रहा था। जांच रिपोर्ट में कहा गया कि इस घटना से विद्यालय की गरिमा को गंभीर आघात पहुंचा है और शिक्षा विभाग की छवि धूमिल हुई है।
नोटिस का जवाब नहीं दे पाया शिक्षक
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद डीईओ ने शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया, लेकिन उसका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सुरेश कुमार जायसवाल की संविदा नियुक्ति समाप्त कर दी।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











