घर में घुसकर कारोबारी युवक की गोली मारकर हत्याः तीन आरोपी गिरफ्तार, रंजिश और जलन में कांग्रेस नेता के बेटे को गोलियों से भूना

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष के बेटे की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उधारी के पैसों का विवाद, कारोबार में प्रतिस्पर्धा और मृतक की बढ़ती आर्थिक हैसियत से उपजी जलन के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार ग्राम करही में 23-24 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर कारोबारी युवक आयुष कश्यप की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे उसके छोटे भाई को भी गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना वाली रात पूरा परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान तीन नकाबपोश हमलावर पीछे के रास्ते से घर में दाखिल हुए।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने पहले घर के सीसीटीवी कैमरे तोड़े, फिर मृतक के पिता के कमरे को बाहर से बंद कर दिया ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद आरोपी सीधे उस कमरे में पहुंचे जहां आयुष कश्यप, उसका भाई आशुतोष और बहन सो रहे थे। कमरे में घुसते ही आयुष पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई। एक गोली सीने में और दूसरी कनपटी पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रंजिश और जलन में गोलियों से भूना
वहीं छोटे भाई आशुतोष को भी गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक आयुष कश्यप हाल के दिनों में रेत और सीमेंट कारोबार से जुड़ा था और तेजी से आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा था। यही बात आरोपियों को खटक रही थी।
आरोपियों और मृतक के बीच पुराने आर्थिक विवाद भी चल रहे थे। कारोबार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और क्षेत्र में आयुष के बढ़ते प्रभाव से आरोपी खुद को नुकसान में महसूस कर रहे थे। इसी जलन और द्वेष में हत्या की साजिश रची गई।
पुलिस ने जांच के दौरान 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और कई संदिग्धों से पूछताछ की। पुलिस टीमों ने गुजरात, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर तक दबिश दी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भूषण बघेल के पास पहले अवैध हथियार देखा गया था। इसके बाद जांच तेजी से आगे बढ़ी और ऑपरेशन हंट के तहत आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने मामले में हेमंत कुमार बघेल, भूषण बघेल, अमित टंडन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, मैगजीन, अतिरिक्त खाली मैगजीन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक इस हत्याकांड में कुछ अन्य लोगों की भी भूमिका सामने आई है। फिलहाल मुख्य साजिशकर्ता और बाकी सहयोगियों की तलाश जारी है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
कांग्रेस नेता के घर ताबड़तोड़ फायरिंग: बड़े बेटे की मौत, छोटा गंभीर; परिवार को कमरे में किया बंद











