जंगल में मिली जूनियर महिला वकील की नग्न लाश: गला रेता, फिर पत्थर से कुचल दिया चेहरा; हत्या के बाद भी मोबाइल से आते रहे मैसेज

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जंगल में मिली अर्धनग्न लाश की शिनाख्त हो गई। लाश किसी आम युवती की नहीं, बल्कि रायगढ़ कोर्ट की एक होनहार जूनियर महिला अधिवक्ता की निकली। जिस बेरहमी और हैवानियत से उसकी हत्या की गई, उसने हर किसी का कलेजा दहला दिया है। घटना के बाद अधिवक्ताओं ने आक्रोश रैली निकालकर एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और फांसी की सजा की मांग की। मामला रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
बताया जा रहा है कि मूल रूप से लैलूंगा-तमनार क्षेत्र की रहने वाली 31 वर्षीय युवती रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ की सदस्य थी। जनवरी 2026 में ही उसने अधिवक्ता संघ की सदस्यता ली थी और कोर्ट में जूनियर वकील के रूप में प्रैक्टिस कर रही थी।
जंगल में मिली थी निर्वस्त्र लाश, पहचान मिटाने चेहरा कुचला
जानकारी के अनुसार 12 मई की शाम पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमिडीह डैम किनारे जंगल में ग्रामीणों ने युवती की लाश देखी। शव औंधे मुंह पड़ा था। शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था, जबकि कपड़े आसपास बिखरे मिले। युवती के गले और पीठ पर धारदार हथियार से गहरे वार के निशान थे। दरिंदों ने हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए चेहरे को भारी पत्थर से कुचला दिया था।
मौत के बाद भी मोबाइल से आते रहे मैसेज
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में सबसे चौंकाने वाला खुलासा मृतका के मोबाइल को लेकर हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, हत्या के बाद भी युवती के मोबाइल नंबर से उसके दोस्तों और करीबियों को लगातार मैसेज भेजे जाते रहे।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन युवती घर से यह कहकर निकली थी कि वह पूंजीपथरा क्षेत्र में किसी रिश्तेदार के यहां शादी या पारिवारिक कार्यक्रम में जा रही है। इसके बाद वह लापता हो गई, लेकिन उसके मोबाइल से लगातार संदेश आते रहे, ताकि किसी को शक न हो और परिवार पुलिस तक न पहुंचे।
मृतका की बहन ने बताया कि 12 मई को फोन बंद था, लेकिन अगले दिन अचानक मोबाइल ऑन हुआ। कॉल उठाने वाली कोई दूसरी लड़की थी, जिसने मृतका की आवाज में बात करने की कोशिश की। इसके बाद परिवार को सीधे शव मिलने की सूचना मिली। अब साइबर सेल उन मैसेज और कॉल्स की लोकेशन खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवती की मौत के बाद मोबाइल कौन चला रहा था।
वकीलों का फूटा गुस्सा, कोर्ट में काम बंद
इस जघन्य हत्याकांड के बाद रायगढ़ के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को जिला अधिवक्ता संघ ने कोर्ट में काम बंद कर मृतका को श्रद्धांजलि दी और फिर बड़ी संख्या में वकील पैदल मार्च करते हुए एसपी कार्यालय पहुंचे। अधिवक्ताओं ने ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और फांसी की सजा की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की हर एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवती आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में थी और उसे जंगल तक कौन लेकर गया। फिलहाल हत्यारे पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
जंगल में मिली युवती की नग्न लाश, पहचान छिपाने चेहरे को कुचला, गले-पीठ पर धारदार वार के निशान











