राजिम विधायक की मानवीय पहल: मासूम के इलाज की ली जिम्मेदारी, डीकेएस अस्पताल में होगा सफल ऑपरेशन

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राजनीति जब सेवा का माध्यम बनती है तो वह समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में उजियारा लेकर आती है। कुछ ऐसी ही संवेदनशीलता राजिम विधायक रोहित साहू ने पेश की है। गरियाबंद जिले के बिंद्रानवागढ़ विधानसभा विकासखण्ड मैनपुर के ग्राम पंचायत बोईरगांव के आश्रित ग्राम बेहराडीह के रहने वाले विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के तीन वर्षीय मासूम युवराज नेताम के उपचार हेतु विधायक रोहित साहू सामने आए हैं।

राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले कमार जनजाति का यह मासूम जन्म से ही एनोरेक्टल मालफॉर्मेशन अर्थात मलद्वार न होने की गंभीर और जटिल बीमारी से ग्रसित हैं। पिछले तीन वर्षों से उसके गरीब माता-पिता इलाज के लिए दर-दर भटक रहे थे। आर्थिक तंगी और जानकारी के अभाव में बच्चे की तकलीफ बढ़ती जा रही थी। विभिन्न समाचार पत्रों एवं भाजपा कार्यकर्त्ता व जनप्रतिनिधि के माध्यम से जैसे ही यह मामला राजिम विधायक रोहित साहू के संज्ञान में आया उन्होंने तत्काल सक्रियता दिखाई।

जिला कलेक्टर एवं स्वास्थ अधिकारी से चर्चा कर बच्चे को तत्काल रायपुर लाने के लिए निर्देशित किया। विधायक के विशेष प्रयासों से बच्चे को तत्काल राजधानी रायपुर के प्रतिष्ठित डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। विधायक ने स्वयं अस्पताल पहुंचकर बच्चे का हालचाल जाना और डॉक्टरों की टीम से चर्चा कर उपचार की बारीकियों के विषय में चर्चा की। अस्पताल प्रबंधन और विशेषज्ञ डॉक्टरों के अनुसार युवराज का कल एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन किया जाएगा। विधायक ने डॉक्टरों को त्वरित उपचार के निर्देश दिए हैं ताकि इलाज में किसी भी प्रकार का विलंब न हो और बच्चे को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

सेवा ही मेरे जीवन का मूलमंत्र

इस दौरान विधायक रोहित साहू ने कहा कि सेवा ही मेरे जीवन का मूलमंत्र रहा है। राजिम विधानसभा क्षेत्र के साथ ही गरियाबंद जिले का हर नागरिक मेरा परिवार है। जब मुझे नन्हे युवराज की बीमारी और उसके परिवार के संघर्ष के बारे में पता चला तो मेरा मन द्रवित हो उठा। विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के लोग हमारे प्रदेश की धरोहर हैं और यदि उनके बच्चों को इलाज के लिए भटकना पड़े तो यह हमारे लिए चिंता का विषय है। हमारी सुशासन की सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर काम कर रही है जिसके तहत समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सुविधा पहुँचाना हमारा प्रथम दायित्व है।

देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने विशेष पिछड़ी जनजाति समाज के लिए पीएम जनमन योजना के तहत अनेकों सौगातें दी है उन्हीं की प्रेरणा से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि धन के अभाव में किसी भी गरीब का इलाज न रुके। युवराज नेताम इस प्रदेश का भविष्य है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि कल उसका ऑपरेशन पूरी तरह सफल हो और वह जल्द ही अपनी मुस्कान बिखेर सके। मैं उसके माता-पिता को विश्वास दिलाता हूँ कि इस लड़ाई में वे अकेले नहीं हैं, हम और यह सरकार उनके साथ खड़ी है।”

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

राजिम विधायक की फिर एक बार मानवीय पहल: सड़क दुर्घटना में मृत दंपत्ति के बच्ची के इलाज हेतु की समुचित व्यवस्था

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button