आवश्यक सूचना: 20 मई को देश भर में दवा व्यापार बंद का आह्वान, आपातकालीन स्थिति में इन जगहों से ले सकते है दवाइयां
आमजन हेतु आवश्यक सूचना

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर 20 मई 2026 को देशभर में एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद रखा जाएगा। संगठन के अंतर्गत देशभर में लगभग 12 लाख 40 हजार से अधिक केमिस्ट एवं औषधि वितरक जुड़े हुए हैं।
जानकारी के अनुसार ऑनलाइन औषधियों की बिक्री के विरोध स्वरूप विभिन्न केमिस्ट संगठनों द्वारा दिनांक 20 मई 2026 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। इन परिस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य में आम नागरिकों को आवश्यक औषधियों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
प्रशासन द्वारा समस्त जिलों में अधिकारियों को आवश्यक जीवनरक्षक औषधियों, आपातकालीन स्वास्थ्य उत्पादों एवं चिकित्सकीय सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। शासकीय जनऔषधि केन्द्रों (PMBJAK), धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, शासकीय चिकित्सालयों, नर्सिंग होम्स एवं अन्य औषधि वितरण केन्द्रों के माध्यम से आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन एवं मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा छत्तीसगढ़ केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन को भी पत्र प्रेषित कर निर्देशित किया गया है कि प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम के दौरान जनहित, रोगी सेवा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य उत्पादों की उपलब्धता बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
दवाएं सुरक्षित रखें
आमजन से अपील की जाती है कि वे घबराहट अथवा अनावश्यक दवाओं का संग्रहण न करें। जिन मरीजों को नियमित दवाओं की आवश्यकता होती है, वे चिकित्सकीय परामर्श अनुसार आवश्यक दवाएं पूर्व में प्राप्त कर सुरक्षित रखें। आपातकालीन स्थिति में शासकीय अस्पतालों, जनऔषधि केन्द्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, एवं अन्य उपलब्ध औषधि केन्द्रों से दवाएं प्राप्त की जा सकती हैं।
राज्य शासन द्वारा जनस्वास्थ्य एवं रोगी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं तथा स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
शासकीय घास भूमि से हटाया गया अवैध कब्जा : 1.5 एकड़ भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त











