दिनदहाड़े चाकूबाजी कर लूटपाट, फिर शराब दुकान में कर रहे थे पार्टी; नवापारा पुलिस ने दबोचे 3 बदमाश, एक नाबालिग शामिल

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– गोबरा नवापारा पुलिस ने चाकूबाजी और लूटपाट में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। बताया गया कि तीनों आरोपी आरंग थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। बाद में नवापारा स्थित शराब भट्टी के पास बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान नवापारा पुलिस की नजर उन पर पड़ी और पूरी वारदात का खुलासा हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मोखला निवासी वेदनारायण डहरिया ने थाना आरंग में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई चंद्रप्रकाश डहरिया अपने 5 वर्षीय बेटे के साथ 15 मई 2026 की सुबह बाइक से ससुराल ग्राम तूता गया था। दोपहर करीब 3 बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी सोनपैरी भांठा के नहर पार मोखला मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया।

नगद और मोबाइल लेकर भागे आरोपी

बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों ने चेहरे पर स्कार्फ बांध रखा था। बदमाशों ने पहले युवक को घेरा और फिर पीछे बैठे आरोपी ने चाकू निकालकर उसकी कमर, कंधे और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी उसकी जेब से पर्स, करीब 2 हजार रुपए नकद और कीपैड मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल चंद्रप्रकाश को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरंग पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

नवापारा पुलिस ने किया गिरफ्तार

इधर, थाना गोबरा नवापारा प्रभारी दीपेश जायसवाल के नेतृत्व में संध्या पेट्रोलिंग के दौरान नवापारा शराब भट्टी के आसपास संदिग्ध लोगों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान तीन युवक शराब पीते मिले। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से संदिग्ध सामान बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों ने आरंग क्षेत्र में लूट और चाकूबाजी की वारदात कबूल कर ली।

नवापारा और पारागांव के रहने वाले थे तीनों

पुलिस ने आरोपी मुकेश नागरची उर्फ कुमकुम (20) निवासी शीतलापारा नवापारा, कुलेश्वर ध्रुव (22) निवासी भाठापारा पारागांव तथा एक नाबालिग को हिरासत में लिया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल, लूटी गई नकदी और मोबाइल बरामद कर लिया गया है। नवापारा पुलिस ने तीनों आरोपियों को आरंग पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जहां से तीनों आरोपियों को 17 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया और उन्हें जेल रायपुर भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

शादी समारोह से लौट रहे युवक पर चाकू से हमला, रास्ता पूछने के बहाने बदमाशों ने किया हमला, जान से मारने की दी धमकी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button