चरित्र शंका में युवक की बेरहमी से हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– चरित्र शंका के चलते चार युवकों ने मिलकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले युवक की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, फिर उसकी जमकर पिटाई की और अंत में बड़े पत्थर से सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र का है।
आंखों में मिर्च डालकर किया हमला
जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 को रलिया जयरामनगर निवासी आलोक सिंह ने कोटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह अपने साथी यशु पोर्ते और निखिल गोस्वामी के साथ होटल फोर सीजन के सामने कच्चे मार्ग पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक वहां पहुंचे। इस दौरान आरोपी दीपक दास उर्फ भोला दास ने सबसे पहले निखिल गोस्वामी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया।
निखिल कुछ समझ पता उससे पहले ही चारों आरोपियों ने उसे घेरकर बेरहमी से मारना शुरू कर दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए बड़े पत्थर से उसका सिर कुचल दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल निखिल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने 7 दिन में दबोचे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। लगातार तलाश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चारों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में दीपक दास उर्फ भोला दास मानिकपुरी (26) निवासी भुंडा, निखिल राव उर्फ निक्कू (24) निवासी देवनगर कोनी, करण दास मानिकपुरी (24) निवासी देवनगर कोनी, कुश साहू उर्फ बुतरू (26) निवासी तेलियापुराण भरारी शामिल हैं।
चरित्र शंका बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की वारदात चरित्र शंका के कारण अंजाम दी गई थी। आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से निखिल गोस्वामी को निशाना बनाया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl
यह खबर भी जरुर पढ़े
अवैध संबंध के शक में बाउंसर की हत्या, आंखों में मिर्च पाउडर झोंका फिर पत्थर से कुचला सिर











