प्रेमिका को मारने 4 लाख की सुपारी: दिनदहाड़े घर में घुसकर बरसाई गोलियां, युवती की मौत; पति-पत्नी समेत 9 आरोपी गिरफ्तार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर प्रेमिका की हत्या करवा दी। युवती शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर पति-पत्नी ने 4 लाख रुपये की सुपारी दी। पुलिस पति-पत्नी समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, दो बाइक, सात मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और 71,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामला सक्ति जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार घटना 26 जून 2026 की सुबह करीब 11 बजे सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा की है। दो नकाबपोश युवक बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल से पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम (25) के घर पहुंचे। दोनों ने सफेद गमछे से अपना चेहरा ढंक रखा था। एक आरोपी घर के भीतर घुसा और परिजनों से पूछा, पूर्णिमा कहां है? जैसे ही पूर्णिमा सामने आई, उसने पिस्तौल निकालकर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं।

एक गोली सिर में और अन्य गोलियां शरीर के विभिन्न हिस्सों में लगीं। गोली लगते ही पूर्णिमा खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद दोनों हमलावर बाइक से फरार हो गए।

चार दिनों बाद आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में विशेष जांच दल गठित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के पर्यवेक्षण में टीम ने लगातार चार दिनों तक तकनीकी एवं वैज्ञानिक जांच की।

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों का गहन विश्लेषण किया। इसी दौरान एक ऐसा सुराग मिला, जिसने पूरे हत्याकांड की तस्वीर बदल दी।

पति-पत्नी ने मिलकर रची साजिश

जांच में सामने आया कि मृतका पूर्णिमा चौहान का रायगढ़ जिले के देल्लारी निवासी मुरलीशंकर चौहान के साथ प्रेम संबंध था। दोनों एक निजी आयुर्वेदिक कंपनी में दवाइयों के प्रचार-प्रसार का काम करते थे। मुरलीशंकर पहले से शादीशुदा था। उसकी पत्नी चम्पा चौहान को दोनों के रिश्ते की जानकारी थी, जिससे पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता था।

पुलिस के अनुसार, मुरलीशंकर ने बाद में पूर्णिमा से दूरी बना ली थी, लेकिन पूर्णिमा लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चम्पा ने पूर्णिमा को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।

4 लाख रुपए में दी सुपारी

पुलिस के मुताबिक, दंपती ने झारखंड में पूर्व में गोलीकांड में शामिल रह चुके राजेंद्र महंत से संपर्क किया और 4 लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की। सौदे के अनुसार हत्या के बाद रकम देने की बात हुई थी। वारदात के बाद चम्पा चौहान ने आरोपियों को 2 लाख रुपये भी दे दिए थे। जांच में मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को राजेंद्र महंत के झारखंड के जमशेदपुर तथा अन्य आरोपियों के महाराष्ट्र के पुणे में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें दोनों राज्यों में रवाना हुईं और घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हत्या की साजिश में राजेंद्र महंत, गौरीशंकर सिदार, सुनील महंत, राकेश महंत, वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू, सुमित गबेल और चंद्रशेखर महंत शामिल थे। योजना के अनुसार घटना वाले दिन सुनील महंत और गौरीशंकर सिदार मोटरसाइकिल से जोंगरा पहुंचे। गौरीशंकर घर के भीतर गया और पूर्णिमा पर तीन गोलियां दाग दीं।

वारदात के बाद दोनों आरोपी सुमित गबेल द्वारा उपलब्ध कराई गई मोटरसाइकिल से फरार हो गए। फरारी के दौरान राकेश महंत ने उन्हें दूसरे राज्यों में भागने में मदद की, जबकि बाद में सुपारी की रकम राजेंद्र महंत और उसके साथियों में बांट दी गई।

पिस्तौल, कारतूस, बाइक और नकदी जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और 71,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमें मुरलीशंकर चौहान, चम्पा चौहान, राजेंद्र महंत, गौरीशंकर सिदार, सुनील महंत, राकेश महंत, वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू, चंद्रशेखर महंत और सुमित गबेल शामिल है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

युवती की गोली मारकर हत्या, घर में घुसकर सिर पर 3 राउंड चलाई गोली, नकाबपोश हमलावर फरार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button