नवापारा ब्रेकिंग: दूध बांटने निकले व्यक्ति की नाले में गिरकर दर्दनाक मौत
(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– नवापारा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बुधवार सुबह घर-घर दूध पहुंचाने निकले एक व्यक्ति की नाले में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने दूधवाले को तत्काल नवापारा सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार नवापारा के सोमवारी बाजार निवासी संतोष यादव (55 वर्ष) रोज की तरह बुधवार सुबह अपनी मोपेड बाइक से शहर के विभिन्न इलाकों में दूध वितरण के लिए निकले थे। इसी दौरान रेलवे क्रॉसिंग के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क किनारे बने नाले में जा गिरे।
इस दौरान उसकी बाइक नाली के ऊपर फंस गई और संतोष नाली में गिर गया। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और तत्काल नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। संतोष यादव लंबे समय से दूध वितरण का कार्य करते थे और स्थानीय लोगों के बीच काफी परिचित थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
खुली नाली बनी हादसे की वजह

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां तीन फीट गहरी खुली नाली बनी हुई है, जिस पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। प्रतिदिन सैकड़ों लोग इस मार्ग से पैदल और दोपहिया वाहनों से आवाजाही करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुली नाली लंबे समय से दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है।
बुधवार को संतोष की मौत के बाद लोगों में नाराजगी है और उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल नाली को ढंकने अथवा सुरक्षा बैरिकेड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की कोई और दुखद घटना न हो।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











