नहीं डिगी आस्था : गरियाबंद में भारी बारिश के बीच हुआ गणपति विसर्जन; 54 साल पुरानी परंपरा के साथ भावुक हुई बप्पा की विदाई

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– लगातार बारिश के बावजूद गरियाबंद नगर में शुक्रवार को गणपति विसर्जन यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली। बारिश में भीगते हुए श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए छिंद तालाब पहुंचे। तिरंगा चौक, मस्जिदपारा, मेन रोड और पुराने बाजार से होकर निकली शोभायात्रा में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से नगर गूंजता रहा।
छिंद तालाब पहुंचने के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती कर प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। बप्पा की विदाई के दौरान कई श्रद्धालुओं की आंखें नम भी नजर आईं।
54 साल पुरानी परंपरा निभा रहा सिन्हा परिवार

पुराना मंगल बाजार स्थित सिन्हा परिवार में गणपति स्थापना की परंपरा 54 वर्षों से चली आ रही है। परिवार की नई पीढ़ी भी इस परंपरा को पूरी श्रद्धा के साथ आगे बढ़ा रही है। 11 दिनों तक यहां पूजा-अर्चना, आरती, मोदक प्रसाद वितरण और आकर्षक सजावट की गई।
धरमीन बाई सिन्हा, बुद्धि देवी सिन्हा, लक्ष्मी सिन्हा, रेणुका सिन्हा, भारती सिन्हा, किरन सिन्हा, रचना केला, मोनिका सिन्हा और लीना वंदना सहित परिवार के सदस्यों ने पूजा-अर्चना और आरती के बाद बप्पा को विदाई दी।
धरमीन बाई सिन्हा ने कहा कि 54 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को परिवार आज भी पूरी आस्था से निभा रहा है। बारिश के बावजूद विसर्जन के दौरान लोगों का उत्साह देखकर मन भावुक हो गया। उन्होंने बप्पा से सभी के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
प्रशासन सुरक्षा व व्यवस्था में तैनात
नगर में दर्जनभर से अधिक गणपति पंडालों में पूजा, हवन, भंडारे और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विसर्जन के दौरान पुलिस प्रशासन, नगर सेना, गोताखोर दल और नगर पालिका की टीम सुरक्षा व व्यवस्था में तैनात रही।
नगर पालिका अधिकारी अश्वनी वर्मा ने बताया कि विसर्जन की प्रक्रिया निर्धारित व्यवस्था के अनुसार जारी है। पूजा सामग्री और हवन के अवशेष तालाब में न जाएं, इसके लिए अलग व्यवस्था की गई है। व्यवस्था में भूपेंद्र कश्यप, अश्वनी वर्मा, पुरुषोत्तम चंद्राकर, अजय ध्रुव, निर्मल यादव, विभीषण, छत्तर यादव, लोकेश साहू, परमेश्वर शहनी, शिवा शहनी सहित नगरपालिका टीम की भूमिका रही।
वहीं नगर सेना एवं पुलिस टीम में भेखराम गायकवाड़, विष्णु कुर्रे, गजानंद सोनवानी, योगेश ध्रुव, पार्वती और रेणुका सहित जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। भारी बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना और बप्पा को ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के साथ विदाई दी गई।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











