पेट्रोल पंप में घुसकर युवकों पर बरसाए डंडे-रॉड, CCTV में कैद हुई बदमाशों की गुंडागर्दी

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– जिले में एक मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। पेट्रोल पंप के पास दो पक्षों के बीच ऐसा खूनी संघर्ष हुआ कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लाठी-डंडे, बेल्ट, लोहे की रॉड, ईंट और धारदार हथियारों से हुए हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है। 

जानकारी के मुताबिक ग्राम पचपेड़ी निवासी प्रभाकर मार्शल, जो बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी-फार्मेसी का छात्र है, रविवार को अपने रिश्तेदार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गांव आया था। दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने साथी निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ बाइक पर हाथ में लाउड स्पीकर लेकर समाज की महिलाओं को नहाने के कार्यक्रम की सूचना देने निकला था।

इसी दौरान पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास सामने से तेज रफ्तार में आए बाइक सवार बादल जांगड़े ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने आरोपी को बाइक धीरे चलाने की समझाइश दी तो वह आगबबूला हो गया और मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कुछ ही देर में विक्की जांगड़े और विकास मार्शल भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। बाद में सरोज जांगड़े समेत अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर युवकों को घेर लिया।

हमले के दौरान जान बचाने के लिए घायल युवक पेट्रोल पंप के ऑफिस की ओर भागे और अंदर घुसकर दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन हमलावर वहां भी पीछे-पीछे पहुंच गए। CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी ऑफिस के अंदर घुसकर युवकों पर बेरहमी से डंडे और रॉड बरसा रहे हैं।

हमले में प्रभाकर मार्शल के सिर के पीछे गंभीर चोट आई है, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे निमेश राय के सिर, कान, आंख और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। कई लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रभाकर मार्शल की शिकायत पर बादल जांगड़े, विक्की जांगड़े, विकास मार्शल, सरोज जांगड़े समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

वीडियो

छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl

यह खबर भी जरुर पढ़े

अभनपुर में पेट्रोल नहीं मिलने से नाराज युवकों ने की कर्मचारियों से मारपीट, गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button