नवापारा में चाकुओं के साथ घूम रहे 3 युवक गिरफ्तार, 3 धारदार हथियार बरामद, कई बदमाशों ने जमा किया हथियार

(छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज) :– आगामी त्योहारों को देखते हुए नवापारा पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और चाकूबाजों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गोबरा नवापारा थाना पुलिस ने फूलचंद कॉलेज नवापारा के खेल मैदान और आसपास धारदार चाकू लेकर घूम रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस ने की घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि फूलचंद कॉलेज के खेल मैदान और आसपास कुछ लोग धारदार चाकू लेकर आम लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक धारदार चाकू बरामद हुआ। हथियारों को गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्त किया गया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपियों की पहचान लोचन उर्फ लक्की साहू (23 वर्ष) निवासी दम्मानी कॉलोनी, नवापारा। इसके कब्जे से बटनदार धारदार चाकू बरामद किया गया। सौरभ पाल (21 वर्ष) निवासी दम्मानी कॉलोनी नवापारा। इसके कब्जे से धारदार स्टील का चाकू बरामद हुआ और मनीष पाल (20 वर्ष) निवासी दम्मानी कॉलोनी, नवापारा। इसके कब्जे से धारदार स्टील का चाकू बरामद किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय रायपुर भेज दिया है।
स्वैच्छिक समर्पण की अपील
रायपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गोबरा नवापारा पुलिस द्वारा आम नागरिकों के साथ संवाद और जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग एवं सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
इसी क्रम में पुलिस ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे अवैध हथियार अपने पास न रखें और ऐसे हथियारों को स्वेच्छा से पुलिस के समक्ष समर्पित करें। पुलिस के मुताबिक, कुछ नागरिकों ने तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियार पुलिस को सौंपे हैं। पुलिस ने नागरिकों से अवैध हथियारों के संबंध में जानकारी देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
छत्तीसगढ़ प्रयाग न्यूज से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/KHz20xYe8ouK4y2vqJnOXl











